वो मेरे विचार नहीं, सब स्क्रिप्टेड था… ‘शेखर टुनाइट’ शो में की गई टिप्पणी पर संजय दत्त ने जारी किया वीडियो

वो मेरे विचार नहीं, सब स्क्रिप्टेड था… ‘शेखर टुनाइट’ शो में  की गई टिप्पणी पर संजय दत्त ने जारी किया वीडियो

शेखर सुमन के शो में किए गए कमेंट्स को लेकर संजय दत्त ने अब एक वीडियो जारी करते हुए सफाई दी है. इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी सफाई पेश की थी. जानिए वीडियो में उन्होंने क्या कुछा कहा है.

Sanjay Dutt Video: बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त हाल ही में शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ का हिस्सा बने. 2 अक्टूबर को उनका एपिसोड रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने कुछ ऐसी टिप्पणी की, जिसको लेकर विवाद हो गया और सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. 4 अक्टूबर को संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए मामले पर सफाई पेश की थी और कहा था कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था. अब उनका एक वीडियो भी सामने आया है. जो बात उन्होंने अपने पोस्ट में लिखी थी, वही बात उन्होंने वीडियो में दोहराई है.

संजय दत्त ने जो वीडियो जारी किया है उसमें वो कहते हैं, “नमस्कार दोस्तों, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने हाल ही में शेखर सुमन के शो में मेरे द्वारा कही गई कुछ बातों को लेकर मुझसे संपर्क किया. कुछ लोगों ने कहा कि वो मेरी बातों से हैरान हैं. कई लोगों ने उन बातों से कड़ी असहमति भी जताई. मैं उनकी भावनाओं को पूरी तरह से समझता हूं और इस बारे में एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं- शो में मैंने जो कुछ भी कहा वो एक स्क्रिप्टेड सेगमेंट का हिस्सा था. जैसा कि अक्सर इस तरह के टीवी शोज में होता है.”

वो मेरे विचार नहीं हैं- संजय दत्त

संजय दत्त ने आगे कहा, “हम एक स्क्रिप्ट के अनुसार अभिनय कर रहे थे. उस दौरान कही गई बातें, उसी परफॉर्मेंस और उसी के संदर्भ का हिस्सा थीं. वो किसी भी तरह मेरे व्यक्तिगत विचार, मेरी सोच या मेरी भावनाएं नहीं. मैं सभी दोस्तों और शुभचिंतकों के विश्वास और स्नेह की काफी कद्र करता हूं.”

संजय दत्त ने ये बातें भी कही

वीडियो के आखिर में वो कहते हैं, “मैं कभी नहीं चाहूंगा कि किसी स्क्रिप्टेड परफॉर्मेंस की वजह से मेरे वास्तविक विचारों को लेकर कोई गलतफहमी पैदा हो. मुझे उम्मीद है कि इससे पूरी बात सही संदर्भ में स्पष्ट हो जाएगी. जय हिंद, जय भारत.”

ये भी पढ़ें-

नीम करौली बाबा के कैंची धाम जाने का है प्लान? हनुमान अंश के डायरेक्टर ने दी ये सलाह

झूठ की विजय और सत्य पराजित! एंटी हीरो बन अजय देवगन ने कैसे जीता दिल! The End कैसा लगा?

बता दें कि संजय दत्त ने इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में भी यही बातें कही थीं कि शेखर सुमन के शो में की गई बातें स्क्रिप्टेड थीं. उन्होंने ये भी कहा था कि किसी भी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना, उनका अपमान करना या उनका अनादर करना कभी भी उनका उद्देश्य नहीं रहा है.

इसराफिल
इसराफिल

ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि गया से ताल्लुक रखने वाले इसराफिल TV9 भारतवर्ष के हिंदी डिजिटल विंग में बतौर सीनियर सब-एडिटर काम कर रहे हैं. वो यहां दिसंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और लोगों तक ताजातरीन खबरें पहुंचा रहे हैं. उनकी कोशिश होती है कि वो हर छोटी-बड़ी खबर की बारीकी को आसान शब्दों में समझा सकें. फिल्मी गॉसिप्स और बी-टाउन के सितारों से जुड़ी किस्से कहानियों में इसराफिल की खास दिलचस्पी है. किताबों और इंटरनेट के जरिए वो अलग-अलग किस्सों को जानने की कोशिश में लगे रहते हैं. उनमें से खास कहानियों को वो अपने पाठकों तक भी पहुंचाते हैं.अपने आबाई शहर से ही शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद इसराफिल ने दिल्ली NCR का रुख किया और चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से एफिलिएटिड IIMT कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता एवं जनसंचार (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई की. TV9 के साथ जुड़ने से पहले वो ABP न्यूज की हिंदी वेबसाइट में कंसल्टेंट राइटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उससे पहले उन्होंने और भी कुछ एंटरटेनमेंट वेबसाइट्स के लिए काम किया है. उनके पत्रकारिता करियर की शुरुआत JK24×7 न्यूज के साथ बतौर इंटर्न हुई थी."

Read More