6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6… छक्के मार-मारकर 21 गेंदों में किया खेल खत्म, शादाब खान ने Abu Dhabi T10 में मचाई तबाही

6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6… छक्के मार-मारकर 21 गेंदों में किया खेल खत्म, शादाब खान ने Abu Dhabi T10 में मचाई तबाही

पाकिस्तानी ऑलराउंडर शादाब खान ने अबू धाबी T10 लीग में शानदार धमाका किया है. उन्होंने टूर्नामेंट में छक्कों की बारिश कर सिर्फ 21 गेंदों में मैच खत्म करने का काम किया है.

शादाब खान. नाम तो सुना होगा. वही जो पाकिस्तान की व्हाइट बॉल क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हैं. जनाब ने अबू धाबी की जमीन पर गेंदबाजों का धागा खोला है. छक्के मार-मारकर उनके होश उड़ा दिए हैं. शादाब खान बेदर्द होकर ऐसे बरसे कि अपनी इनिंग में चौके तो ज्यादा जमाए ही नहीं. अपनी इनिंग की शुरुआत ही छक्के से करने वाले शादाब ने उसका अंत भी छक्के के साथ किया. पाकिस्तानी ऑलराउंडर ने 10 ओवर में 132 रन के टारगेट का पीछा करते हुए सिर्फ 21 गेंदों में मैच खत्म करने वाला धमाका किया.

शादाब खान की टीम 1 गेंद पहले जीती मैच

17 नवंबर की शाम अबू धाबी T10 लीग में मुकाबला रॉयल डेजर्ट चैंपियंस और UAE बुल्स के बीच था. शादाब खान UAE बुल्स का हिस्सा थे. रॉयल डेजर्ट चैंपियंस पहले बैटिंग करते हुए 10 ओवर में 1 विकेट पर 131 रन बनाए. जवाब में UAE बुल्स ने 4 विकेट जरूर गंवाए मगर जीत की दहलीज 1 गेंद पहले ही 134 रन बनाते हुए लांघ ली.

21 गेंदों मे 9 छक्के, 361.90 का स्ट्राइक रेट

UAE बुल्स की जीत की स्क्रिप्ट लिखने में सबसे बड़ा हाथ शादाब खान का रहा, जिन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में 361.90 की स्ट्राइक रेट से तूफानी और नाबाद 76 रन बनाए. शादाब की इस विस्फोटक पारी में चौके के दोगुने से भी ज्यादा छक्के शामिल रहे. उन्होंने चौके सिर्फ 4 लगाए. जबकि छक्के 9 मारे.

6 में से 4 गेंदबाजों के खिलाफ शादाब खान ने जमाए छक्के

रॉयल डेजर्ट चैंपियंस ने मैच में कुल 6 गेंदबाज आजमाए, जिसमें से 4 के खिलाफ शादाब खान ने छक्कों की बारिश की. उन्होंने अली नसर, गुलबदीन नईब, दुष्मंता चामीरा और क्रिस जॉर्डन के खिलाफ छक्के लगाए. शादाब ने दुष्मंता और अली नसर के खिलाफ 3-3 छक्के उड़ाए. गुलबदीन को 2 छक्का लगाया जबकि क्रिस जॉर्डन को एक छक्का लगाया, जो कि उनकी इनिंग का पहला छक्का था.

शादाब खान को उनकी असरदार और धुआंधार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

साकेत शर्मा
साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More