दीप्ति शर्मा को दूसरी बार मिला ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड, मार्को यानसन भी जीते

दीप्ति शर्मा को दूसरी बार मिला ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड, मार्को यानसन भी जीते

दीप्ति शर्मा और मार्को यानसन ने आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड अपने नाम किया. जानिए इन दोनों खिलाड़ियों को क्यों मिला ये अवॉर्ड

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और साउथ अफ्रीका के मार्को यानसन को अक्टूबर महीने के लिए आईसीसी ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से नवाजा गया है. यह दूसरी बार है जब दीप्ति शर्मा ने यह सम्मान हासिल किया है, इससे पहले उन्हें दिसंबर 2023 में यह पुरस्कार मिला था. दीप्ति शर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की घरेलू व्हाइट बॉल सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन के लिए यह अवॉर्ड मिला है.

दीप्ति का जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन

आईसीसी महिला चैंपियनशिप वनडे सीरीज में दीप्ति शर्मा ने अपनी एकलौती बल्लेबाजी पारी में नाबाद 106 रन बनाए थे. साथ ही, उन्होंने 3.42 की बेहतरीन इकॉनमी रेट से पांच विकेट भी लिए, जिससे भारत ने सीरीज में 3 0 से क्लीन स्वीप किया. उन्होंने अपनी यही फॉर्म टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी जारी रखी. अपनी एकलौती पारी में उन्होंने 37 गेंदों पर 49 रन बनाए और अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से दो विकेट भी चटकाए.

अवॉर्ड जीतने के बाद दीप्ति ने अपनी खुशी जाहिर की और भारत के प्रदर्शन को खास बताया. उन्होंने कहा, ‘मुझे आईसीसी महिला ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड जीतकर खुशी हुई है. जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज हमारे लिए शानदार थी, और मुझे टीम के प्रदर्शन पर गर्व है, खासकर युवा खिलाड़ियों पर.’ दीप्ति ने अपनी सदी को एक विशेष क्षण बताया, जो जीत में योगदान देने के कारण और भी सार्थक हो गया.उन्होंने इस अवॉर्ड को अपने दुनिया भर के समर्थकों को समर्पित करते हुए वोटिंग पैनल, प्रशंसकों, टीम के साथियों और कोचों का भी शुक्रिया अदा किया.

मार्को यानसन का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जलवा

मेंस क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के मार्को यानसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाई प्रोफाइल टेस्ट सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया. उन्होंने अक्टूबर में 198 रन बनाए और अपनी बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी से 13 विकेट भी झटके. 26 साल के यानसन का सबसे शानदार प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज के दूसरे टेस्ट में रहा. इस मैच में उन्होंने 85 रन बनाए और फिर 5 विकेट 33 रन पर और 1 विकेट 34 रन पर लेकर साउथ अफ्रीका को एक यादगार जीत दिलाने में मदद की.

उनके इस प्रदर्शन से वो आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग में टॉर पर पहुंच गए. यानसन 2024 में कगिसो रबाडा के बाद नंबर 1 स्थान पर कब्जा करने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज बने. वो अगस्त 2014 में वर्नोन फिलेंडर के बाद टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले देश के पहले खिलाड़ी भी हैं. दीप्ति शर्मा ने बांग्लादेश की शोभना मोस्टारी और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ा, जबकि यानसन ने पाकिस्तान के अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को हराकर यह सम्मान हासिल किया.

अनूप देव सिंह
अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More