कभी TV की दुनिया में किया राज, अब कहां है कुमकुम के सुमित वाधवा? जीता था नच बलिए का सीजन 2
टीवी की दुनिया में कभी हुसैन कुवाजेरवाला हाउसहोल्ड नेम थे और घर-घर की पहचान बन गए थे. आइए जानते हैं कि एक्टर मौजूदा समय में कहां हैं और क्या कर रहे हैं. वे अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं.
टीवी की दुनिया में कई सारे कलाकार ऐसे रहे हैं जो एक समय घर-घर में पॉपुलर हुआ करते थे. लेकिन अब वो कलाकार पूरी तरह से लाइमलाइट से दूर हैं. ऐसे ही एक एक्टर हैं हुसैन कुवाजेरवाला. उन्होंने टीवी की दुनिया में खूब नाम कमाया.
हुसैन कुवाजेरवाला का जन्म महाराष्ट्र के बॉम्बे में हुआ था. 1996 के पॉपुलर सीरियल हम पांच से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी और इसके बाद कई नामी सीरियल में काम किया. इसके बाद उन्होंने आशीर्वाद, कन्यादान, रिश्ते और सरहदें जैसे सीरियल्स में काम किया.
उन्होंने क्योंकि सास भी कभी बहू थी नाम के सीरियल में सराहनीय काम किया. इसके बाद उन्होंने 2002 में कुमकुम सीरियल में सुमित वाधवा के रोल में लीड एक्टर की कमान संभाली और घर-घर की पहचान बन गए. ये सीरियल 7 साल तक सुपरहिट रहा. फिलहाल वे 3 साल से अभिनय की दुनिया से दूर हैं और पर्सनल लाइफ एंजॉय कर रहे. 2023 में वे इंडियन आइडल होस्ट करते नजर आए थे.
हुसैन को एक टीवी एक्टर के अलावा एक होस्ट के तौर पर भी खूब पॉपुलैरिटी मिली. उन्होंने इंडियाज बिगेस्ट सिने स्टार की खोज, इंडियन आइडल जूनियर, इंडियन आइडल और किसमें कितना है दम नाम के टीवी सीरियल होस्ट किए. इसके अलावा उन्होंने एक कंटेस्टेंट के तौर पर नच बलिए का सीजन 2 जीता. वहीं इसके बाद नच बलिए के सीजन 3 में वे होस्ट की भूमिका में नजर आए.



