विध्वंसक वैभव… सूर्यवंशी ने मचाई तबाही, वनडे क्रिकेट के बड़े-बड़े रिकॉर्ड चकनाचूर
UAE के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ बल्लेबाजी नहीं की, उन्होंने पूरे मैच को वीडियो गेम बना दिया क्योंकि जब वो स्ट्राइक पर आए, गेंद सिर्फ हवा में सफर तय कर रही थी और बाउंड्री के पार जा रही थी.
Vaibhav Sooryavanshi Records: ये तो हर किसी को पता था कि वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जिस दिन चलेगा, उस दिन गेंदबाजों को छुपने की जगह नहीं मिलेगी. मगर उसका स्तर क्या होगा, ये शायद ही किसी ने सोचा होगा. इसका जवाब वैभव ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में दे दिया. यूएई के खिलाफ मैच में वैभव ने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि इतिहास बदल दिए, रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए और ऐसे कीर्तिमान गढ़े, जिन्हें खुद वैभव के अलावा शायद ही कोई दूसरा बल्लेबाज तोड़ पाए. UAE के खिलाफ 250 रन के लक्ष्य के जवाब में वैभव ने अकेले 204 रन ठोक दिए, वो भी सिर्फ 53 गेंदों में.
वैभव सूर्यवंशी के हाहाकारी रिकॉर्ड
कतर के दोहा में खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट में शतक, 150 रन, दोहरे शतक और छक्कों के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. हर बड़े रिकॉर्ड पर डालिए नजर-
- वैभव ने लिस्ट ए (50 ओवर) में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वैभव ने 28 गेंदों में ये कमाल किया और ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर मैक्गर्क (29 गेंद) का रिकॉर्ड ध्वस्त किया.
- इसके बाद वैभव ने इस फॉर्मेट में सबसे तेज 150 रन भी बना दिए. वैभव ने 40 गेंदों में ये आंकड़ा छुआ और अपना ही 59 गेंदों वाला रिकॉर्ड तोड़ा.
- वैभव ने फिर जल्द ही अपना पहला दोहरा शतक भी पूरा कर लिया, जो सिर्फ 52 गेंदों में आया. उन्होंने न्यूजीलैंड के चैड बोवेस (103 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ा.
- वैभव ने लिस्ट-ए पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी बना दिया. अपनी 204 रन की पारी में वैभव ने 28 छक्के लगाए और डार्सी शॉर्ट (23) का रिकॉर्ड तोड़ा.
- इतना ही नहीं, वैभव ने अकेले दम पर ही एक वनडे पारी में किसी टीम का सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इंग्लैंड ने नीदरलैंड के खिलाफ 26 छक्के जड़े थे, जबकि वैभव ने ही 28 छक्के उड़ाए. इंडिया ए ने 31 छक्कों के साथ नया टीम रिकॉर्ड बना दिया.
- इंडिया ए ने ये मैच सिर्फ 14.2 ओवर में जीत लिया और इस तरह लिस्ट ए में 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य सबसे कम ओवर में तेज करने का रिकॉर्ड बना लिया. अभी तक ये रिकॉर्ड 20 ओवर का था.




